हैदराबाद , सितंबर 02 -- तेलंगाना के मंत्रियों पोन्नम प्रभाकर, वाकिटी श्रीहरि और अदलूरी लक्ष्मण कुमार ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ बुधवार को यहां पंजागुट्टा में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ वाईएस राजशेखर रेड्डी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मंत्रियों ने वाईएसआर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और राज्य के कल्याण एवं विकास में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि राजशेखर रेड्डी ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, छात्रों और कमजोर वर्गों के जीवन में सुधार लाने के मुख्य उद्देश्य से काम किया।

मंत्री वाकिटी श्रीहरि ने कहा कि वाईएसआर जन-जन के नेता थे, जिन्होंने व्यक्तिगत रूप से लोगों की समस्याओं को समझा और उनका समाधान करने के लिए कई कल्याणकारी व विकास योजनाएं शुरू कीं। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए मुफ्त बिजली, 'आरोग्यश्री', फीस प्रतिपूर्ति और 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा जैसी पहलों ने जनता के दिलों पर एक अमिट छाप छोड़ी है।

मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि वाईएसआर की जनसेवा अविस्मरणीय है और उनका जनकल्याणकारी शासन आज भी लोगों की स्मृतियों में बसा हुआ है। मंत्रियों ने याद किया कि अपने कार्यकाल के दौरान वाईएसआर ने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सिंचाई और समाज कल्याण को प्राथमिकता दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित