हैदराबाद , अक्टूबर 05 -- 'काका' के नाम से मशहूर पूर्व केंद्रीय मंत्री और मजदूर नेता गड्डम वेंकटस्वामी की 97वीं जयंती पर सोमवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।

राज्य के मंत्री विवेक वेंकटस्वामी ने परिवार के सदस्यों के साथ टैंक बंड स्थित काका की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। बेल्लमपल्ली के विधायक गड्डम विनोद कुमार ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। काका के योगदान को याद करते हुए श्री वेंकटस्वामी ने कहा कि उन्होंने गरीबों, मजदूरों और कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए अथक प्रयास किये थे। तेलंगाना सरकार आधिकारिक तौर पर काका की जयंती मना रही है। यह उसी का हिस्सा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने भी श्री गड्डम वेंकटस्वामी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सिंगरेनी खदान श्रमिकों के अधिकारों के लिए उनके जीवन भर के संघर्ष और गरीबों तथा कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए किये गये प्रयासों को याद किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित