हैदराबाद , अप्रैल 25 -- तेलंगाना के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने शनिवार को राज्य भर के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) श्रमिकों के साथ मिलकर जश्न मनाने का आह्वान किया है। उन्होंने आरटीसी कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित मुद्दों को हल करने के लिए सरकार के लिए गये निर्णयों को "ऐतिहासिक" करार दिया।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों और प्रवक्ताओं के साथ एक ज़ूम बैठक को संबोधित करते हुए मंत्रीने कहा कि उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क और अन्य मंत्रियों के नेतृत्व में लगभग 15 घंटे चली लंबी चर्चा के बाद हड़ताल वापस ले ली गयी है।
प्रभाकर ने बताया कि आरटीसी कर्मचारी अपनी प्रमुख मांगों के पूरा होने से बेहद खुश हैं। इन मांगों में आरटीसी का सरकार में विलय का प्रस्ताव, ट्रेड यूनियन चुनाव कराने का निर्णय और 11 प्रतिशत वेतन संशोधन आयोग में वृद्धि की घोषणा शामिल है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से डिपो स्तर पर आरटीसी कर्मचारियों द्वारा आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया।
पिछली सरकार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले शासन के दौरान 55 दिनों तक चली लंबी हड़ताल का कोई परिणाम नहीं निकला था और कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि आरटीसी कर्मचारी "हमारे परिवार का हिस्सा" हैं और सरकार हालिया आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले शंकर गौड़ के परिवार को पूरा समर्थन देगी।
श्री प्रभाकर ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि हड़ताल के दौरान उनका आचरण अनुचित था। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से सरकार के संदेश को जमीनी स्तर तक ले जाने को कहा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी को सत्ता में आने के बाद उठाये गये कदमों को उजागर करना चाहिए, जिसमें बकाया राशि का निपटान, नयी भर्ती, बेड़े का विस्तार और कर्मचारियों के लिए कल्याणकारी पहल शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित