हैदराबाद , मार्च 23 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले बिजली विभाग के दो कर्मचारियों के परिजनों को सोमवार को एक -एक करोड़ रुपये के दुर्घटना बीमा चेक सौंपे।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा परिसर में ओर्सु सुरेश और मुख्तार बेग के परिवारों को ये चेक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना और संकट की घड़ी में उनके परिवारों को सरकार का भरोसा देना है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बिजली मंत्री भट्टी विक्रमार्क की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मृत कर्मचारियों के परिवारों के साथ खड़े रहकर सराहनीय पहल की है।
कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए श्री रेड्डी ने बताया कि राजीव आरोग्यश्री योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा कवरेज को पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये किया गया है। इसके अलावा सीपीईसीएस सर्वे के तहत चिन्हित सभी परिवारों को पांच लाख रुपये का बीमा कवर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पारिवारिक बीमा योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिवार के कमाऊ सदस्य की मृत्यु की स्थिति में कोई भी परिवार असहाय न रह जाए। साथ ही बिजली विभाग और सिंगरेनी कोलियरियों के कर्मचारियों के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक का दुर्घटना बीमा कवर भी उपलब्ध कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित