हैदराबाद , मई 20 -- तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को अपने कई पार्टी नेताओं की एहतियातन गिरफ्तारियों की कड़ी निंदा की।
ये गिरफ्तारियां तेलंगाना भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एन रामचंद्र राव के किसानों को समर्थन देने और खाद्यान्न की खरीद की मांग को लेकर जिला कलेक्टरों और नायब तहसीलदारों को ज्ञापन सौंपने के आह्वान के बाद की गयीं।
यहां जारी बयान में प्रदेश भाजपा के मुख्य आधिकारिक प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी एन वी सुभाष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शनों को दबाने के लिए गिरफ्तारियों का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रदेश महासचिव एन गौतम राव और कई अन्य पार्टी नेताओं को विभिन्न जिलों में एहतियाती उपाय के तहत हिरासत में लिया गया, जो 'अत्यंत निंदनीय' है।
श्री सुभाष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार किसानों से जुड़े मुद्दों पर विपक्षी नेताओं के सौंपे जाने वाले ज्ञापनों को स्वीकार करने के लिए भी तैयार नहीं दिख रही है।
उन्होंने कहा, " लोकतंत्र में विपक्षी दलों की यह जिम्मेदारी है कि वे विरोध प्रदर्शन करें और जनता की शिकायतों को सरकार के संज्ञान में लायें।" इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार एहतियाती हिरासत के नाम पर भाजपा नेताओं को गिरफ्तार करना तुरंत बंद करे।
इस बीच, तेलंगाना भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एन रामचंद्र राव के आवास पर भारी पुलिस बल की तैनाती की खबर है। वह इन दिनों नयी दिल्ली में हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित