हैदराबाद , जुलाई 7 -- तेलंगाना के सड़क एवं भवन मंत्री कोमाटीरेड्डी वेंकट रेड्डी ने मंगलवार को इब्राहिमपटनम, मेडचल और महेश्वरम विधानसभा क्षेत्रों में 338 करोड़ रुपये की आधुनिक चार लेन सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बुनियादी ढांचे के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी।
इस अवसर पर सांसद चमाला किरण कुमार रेड्डी ने जानकारी दी कि 140 से ज्यादा सड़क कार्य शुरू किये जा चुके हैं।
ये परियोजनाएं हाइब्रिड एन्युइटी मॉडल के तहत क्रियान्वित की जा रही हैं। इन परियोजनाओं से रंगारेड्डी जिले और पूरे राज्य के विकास को गति मिलेगी। एक जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि 85 करोड़ रुपये की लागत के सड़क कार्य पहले ही पूरे हो चुके हैं, जबकि 275 करोड़ रुपये की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।
श्री वेंकट रेड्डी ने अधिकारियों को 100 करोड़ रुपये के अतिरिक्त सड़क कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को विकास के मुद्दों पर मिलकर काम करना चाहिए और इस बात पर जोर दिया कि सरकार तेलंगाना के विकास को गति देने के लिए यातायात के जाम को हल करने, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और कनेक्टिविटी में सुधार पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
श्री रेड्डी ने कहा कि इब्राहिमपटनम निर्वाचन क्षेत्र में 338 करोड़ रुपये की लागत वाले 140 से अधिक सड़कों के कार्य शुरू किए गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि सरकार लक्ष्मीरेड्डीपालेम में एक फ्लाईओवर और अंडरपास का प्रस्ताव देने के अलावा ग्रामीण सड़कों, जल निकासी प्रणालियों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और सरकारी स्कूलों को 'तेलंगाना पब्लिक स्कूल' में बदलने को भी प्राथमिकता दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित