हैदराबाद , मई 26 -- तेलंगाना रक्षण सेना (टीआरएस) की अध्यक्ष कल्वकुंतला कविता ने मंगलवार को लोक भवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से मुलाकात कर वेलुगुमटला में मकान तोड़े जाने , ट्रिपल आर परियोजना से विस्थापित परिवार और परगी मंडल के कडलापुर में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क के लिए भूमि अधिग्रहण से जुड़े मुद्दे उठाये। इस दौरान उनके साथ इन परियोजनाओं से प्रभावित लोगों का प्रतिनिधिमंडल भी था।
उन्होंने बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार 'क्रूर' तरीके से काम कर रही है और गरीब परिवारों तथा किसानों की चिंताओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने वेलुगुमटला में मकान तोड़े जाने, ट्रिपल आर के मार्ग में बार-बार किए जा रहे बदलावों, रायगिरी में भूमि अधिग्रहण और कडलापुर में औद्योगिक पार्क के लिए जमीन छीनने के प्रयासों के संबंध में ज्ञापन सौंपे हैं।
सुश्री कविता ने दावा किया कि टीआरएस और धर्म समाज पार्टी के आंदोलनों के कारण, सरकार वेलुगुमटला पीड़ितों को उसी स्थान पर जमीन आवंटित करने के लिए सहमत हुई है और परगी औद्योगिक पार्क व ट्रिपल आर परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण को अस्थायी रूप से रोक दिया है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और न्याय सुनिश्चित करने के लिए सरकार से रिपोर्ट मांगने का आश्वासन दिया है।
टीआरएस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि ट्रिपल आर का मार्ग चार बार बदला गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो आगे और बड़े आंदोलन शुरू किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित