रायपुर , अक्टूबर 01 -- छत्तीसगढ़ में तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से 'राजमोहिनी देवी तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना' के तहत 174 प्रकरणों में कुल 2 करोड़ 40 लाख 10 हजार रुपये की सहायता राशि हितग्राहियों के बैंक खातों में डिजिटल माध्यम से स्थानांतरित की गई है।
छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के मुख्य कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा और प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता सहित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में सॉफ्टवेयर के माध्यम से सहायता राशि जारी की गई। इस दौरान रायगढ़ जिले की चिमटापानी समिति के मिथिलेश सिदार और दंतेवाड़ा जिले की नकुलनार समिति के गल्ले वीटी के बैंक खाते में राशि भेजकर डिजिटल भुगतान का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सहायता के कुल 174 प्रकरणों में दुर्घटना मृत्यु के 4 प्रकरणों में 4 लाख रुपये की सहायता दी गई। सामान्य मृत्यु या स्थायी विकलांगता के 103 प्रकरणों में 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इसी प्रकार 50-59 वर्ष आयु वर्ग में दुर्घटना मृत्यु या स्थायी विकलांगता के 4 प्रकरणों में 75 हजार रुपये तथा इसी आयु वर्ग में सामान्य मृत्यु के 58 प्रकरणों में 30 हजार रुपये की सहायता दी गई।
योजना के प्रावधानों के अनुसार 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग में परिवार के मुखिया की सामान्य मृत्यु या स्थायी विकलांगता की स्थिति में 2 लाख रुपये, दुर्घटना मृत्यु पर 4 लाख रुपये और आंशिक विकलांगता पर 1 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है।
वहीं 50 से 59 वर्ष आयु वर्ग में सामान्य मृत्यु पर 30,000 रुपये, दुर्घटना मृत्यु या स्थायी विकलांगता पर 75,000 रुपये और आंशिक विकलांगता पर 37,500 रुपये की सहायता राशि दिए जाने का प्रावधान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित