विशाखापत्तनम , मई 19 -- तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक पल्ला श्रीनिवास राव ने स्वेच्छा से अपनी आधिकारिक सुरक्षा व्यवस्था और काफिले के प्रोटोकॉल को कम कर दिया है।
पश्चिम एशिया में बदलते हालातों की पृष्ठभूमि में नागरिकों से ईंधन की खपत कम करने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील और मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की जिम्मेदार शासन एवं विवेकपूर्ण खर्च पर बार-बार दिये जोर का हवाला देते हुए श्री राव ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को संयम तथा जवाबदेही का प्रदर्शन करते हुए खुद मिसाल कायम करनी चाहिए।
इस फैसले के तहत विधायक ने वाई-श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत खुद को आवंटित बुलेटप्रूफ गाड़ी का उपयोग करने से इनकार कर दिया है और उस वाहन को पुलिस विभाग को वापस सौंप दिया है। उन्होंने अपने सुरक्षा अमले में भी कटौती करने का विकल्प चुना है। उनका कहना है कि उनके आधिकारिक कार्यक्रमों के लिए कम जवानों की तैनाती ही काफी होगी। इसके अलावा आम जनता को होने वाली असुविधा को कम करने और टाले जा सकने वाले सरकारी खर्च को बचाने के प्रयास में श्री राव ने बिना रोक-टोक वीआईपी रास्ता और बड़े सुरक्षा घेरा को भी छोड़ने का फैसला किया है। अब वे अपने चुनाव क्षेत्र के दौरों के लिए निजी वाहन का उपयोग करने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित