वापी , सितंबर 22 -- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीडरेल परियोजना का काम जोर-शोर से चल रहा है और गुजरात में सूरत से वापी के बीच पहले रेलखंड का निर्माण कार्य इस साल दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह शामिल होने पहुंचे श्री अश्विनी वैष्णव इस समारोह से पहले गुजरात के एकता नगर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। श्री वैष्णव ने यहां पर रेलवे कर्मचारियों से बातचीत की और उन्हें यात्री सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए ज़िम्मेदारी से काम करने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान उन्होंने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल गलियारे का काम तेजी से चल रही है। बुलेट ट्रेन के निर्माण को लेकर उन्होंने बताया कि बुलेट ट्रेन की कार बॉडी, बोगी, प्रोपल्शन सिस्टम, व्हीकल इलेक्ट्रॉनिक्स, पहियों, पैंटोग्राफ और ओवरहेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम समेत विभिन्न महत्वपूर्ण हिस्सों के इंटीग्रेशन पर काम काफी तीव्र गति से चल रहा है।

उन्होंने बताया कि ट्रेन का निर्माण हो जाने पर सेवा में लाने से पहले इसका विस्तृत परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा, " बुलेट ट्रेन परियोजना का काम बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़ रहा है। सूरत से वापी तक के पहले रेलखंड का निर्माण कार्य इस साल दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। अगले साल अप्रैल या मई तक हम भारत में बन रही बुलेट ट्रेन को ट्रैक पर ले आएंगे। "रेल मंत्री ने कहा, " हम वह बुलेट ट्रेन ट्रैक पर लाएंगे जो भारत में बनी है, भारत में डिज़ाइन की गयी है और जिसके सभी बौद्धिक संपदा अधिकारी (आईपीआर) भारत के पास हैं। उस बुलेट ट्रेन को हम अगले साल अप्रैल या मई महीने तक ट्रैक पर ला सकेंगे और हम उसका बड़े पैमाने पर परीक्षण करेंगे।"इस दौरान मुंबई में बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) से ठाणे के बीच मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल गलियारे के तहत समुद्र के नीचे बनने वाली सुरंग के बारे में बताया कि सुरंग निर्माण के लिए जरूरी शाफ्ट का निर्माण और टनल बोरिंग मशीनों को निर्धारित दिशा में स्थापित करने का प्रारंभिक काम पूरा हो चुका है। अब दोनों टनल बोरिंग मशीनों के जरिए सुरंग निर्माण को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के स्टेशनों और पुलों के निर्माण कार्य में भी तेजी से प्रगति हो रही है।

रेल मंत्री ने कहा कि साल 2021 में निर्माण शुरू होने के बाद कोविड-19 महामारी और परियोजना की तकनीकी जटिलताओं जैसी चुनौतियों के बावजूद काम को आगे बढ़ाया गया है। भारत में निर्मित बुलेट ट्रेन का रेल तकनीक में देश की आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित