बैतूल , दिसंबर 2 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई-नागपुर हाईवे पर ग्राम मलहरा पंख के पास सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को किसी तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मारी, जिसके बाद चालक वाहन सहित घटनास्थल से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मुलताई पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हाईवे पर लगे जाम को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में सूचना प्रेषित कर रही है और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। फरार वाहन चालक की तलाश के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित