बैतूल , जुलाई 3 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन की टक्कर से एक किसान की मृत्यु हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार खेड़ापुर निवासी रंगराव दहीकर (39) अपनी पत्नी भागीरथी के साथ मोटरसाइकिल से पांच डोंगरी से अपने गांव लौट रहे थे। झिरी गांव के समीप तेज गति से आ रही एक बोलेरो ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में रंगराव के सीने में गंभीर चोटें आईं और उनका पैर भी टूट गया, जबकि उनकी पत्नी भी घायल हो गईं।

राहगीरों की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान रंगराव दहीकर की मृत्यु हो गई, जबकि उनकी पत्नी का उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित