सोनीपत , जुलाई 10 -- हरियाणा के सोनीपत के खरखोदा क्षेत्र में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार बस की टक्कर से एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक बस के नीचे फंस गई, जिसके कारण चालक बस को घटनास्थल पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मतिंदू गांव निवासी युवराज अपने चाचा देवेंद्र सिंह के साथ अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर खरखोदा से घर लौट रहे थे। रात करीब 10:15 बजे सांपला बाईपास रोड पर प्रताप डेयरी के पास पीछे से तेज रफ्तार बस ने देवेंद्र सिंह की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और बस के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक बस लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन बाइक बस के नीचे फंस जाने के कारण वह बस वहीं छोड़कर फरार हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित