कवर्धा , अप्रैल 30 -- छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में गुरुवार को सड़क दुर्घटना में 15 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना रायपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पोंडी चौकी क्षेत्र के पोंडी बायपास के समीप हुई। जबलपुर से रायपुर की ओर जा रही यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस ने सामने चल रहे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे खेत में उतर गयी। बस में करीब 60 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित