सिवनी , अप्रैल 24 -- मध्यप्रदेश में सिवनी जिले के केवलारी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सिवनी-मंडला मार्ग पर ग्राम चौरापाठा के पास देर रात हुए इस हादसे में टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।

घायलों को स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से केवलारी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक की पहचान संदीप नंदा (40) के रूप में हुई है। वहीं रोहित भांवरे (35), संदीप उइके (34) और भैयालाल पूसाम (40) घायल बताए गए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन युवक रेलवे रैक पॉइंट केवलारी में मजदूरी करने के बाद अपने गांव सुनेहरा लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य बाइक सवार के साथ उनकी बाइक चौरापाठा के पास पहुंची ही थी कि सामने से आए तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर केवलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है तथा फरार वाहन और चालक की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित