मोहाली , जुलाई 18 -- पंजाब के मोहाली के कुम्भड़ा लाइट प्वाइंट के पास शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार थार ने पहले बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और थार डिवाइडर के पिलर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान करने और घटनाक्रम की पुष्टि में जुटी है। दुर्घटनाग्रस्त थार को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित