प्रयागराज , जून 28 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के करछना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से मोपेड सवार नौ वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार करछना थाना क्षेत्र के पचदेवरा गांव निवासी विजय कुमार पटेल अपनी नौ वर्षीय बेटी रोशनी के साथ एक निमंत्रण समारोह से मोपेड पर घर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे करछना बाजार में थाने से लगभग 50 मीटर की दूरी पर पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही पिता-पुत्री सड़क पर गिर पड़े। रोशनी सड़क की दाहिनी ओर गिरी और डंपर उसे कुचलते हुए निकल गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। विजय कुमार को मामूली चोटें आईं और वह बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद सदमे में आए पिता बयान देने की स्थिति में नहीं थे।
पुलिस फरार डंपर और उसके चालक की तलाश कर रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसकी सहायता से पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करछना क्षेत्र में बालू और गिट्टी लदे डंपरों की तेज रफ्तार लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बनी हुई है। उनका आरोप है कि ओवरलोड और तेज रफ्तार डंपरों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से इस प्रकार की दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित