बैतूल , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर और मक्का से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच हुई भीषण टक्कर में डंपर चालक की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार हादसा बैतूल-आठनेर मार्ग पर भोगीतेड़ा जोड़ के पास हुआ, जहां पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और चालक करण अमरूते गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल करण अमरूते, निवासी सेहरा, मक्का से भरी ट्रॉली लेकर बैतूल कृषि मंडी जा रहा था। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को अवगत कराया और राहत कार्य शुरू किया गया। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे में डंपर चालक 45 वर्षीय पर्वत गुलबराव, निवासी सावंगी (आठनेर), केबिन में फंस गया। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और 112 वाहन से अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया गया है। बैतूल बाजार थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है तथा लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित