अलवर , जुलाई 15 -- राजस्थान में अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में अलवर- जयपुर मार्ग पर बुधवार को ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका पिता घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि चांद पहाड़ी निवासी दिनेश गुर्जर (30) पिता सरजीवन गुर्जर (60) के साथ नानी सास के निधन के बाद स्नान के लिए मोटरसाइकिल से डहलावास जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे नटनी का बारा मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे दिनेश गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सरजीवन गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि उन्हें पहले अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जयपुर भेज दिया गया। हादसे की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। अफरा-तफरी के दौरान मृतक की चार वर्षीय बेटी मोनिका और उसकी मां रेशम गिरकर घायल हो गईं। मोनिका के सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसे भी उपचार के लिए अलवर भेजा गया है।
उधर हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोश में मालाखेड़ा-नटनी का बारा मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खत्म किया और यातायात फिर से सुचारू हो सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित