नरसिंहपुर , जून 29 -- मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार जीजा और उसकी नौ वर्षीय साली की मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रायसेन जिले के निवासी हक्के धानक और उनके साढ़ू भाई सोमनाथ धानक नरसिंहपुर जिले के खमरिया गांव स्थित अपनी ससुराल आए हुए थे। रविवार दोपहर दोनों अपनी नौ वर्षीय साली मानसी धानक को मोटरसाइकिल से नाश्ता कराने जिला मुख्यालय लेकर गए थे।
वापस खमरिया गांव लौटते समय पीछे से आ रहे ट्रक (एमपी-09 एचडी-8327) ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दुर्घटना में मानसी धानक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दोनों युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
सोमनाथ धानक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जबलपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मृत्यु हो गई। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए गोटेगांव के शासकीय अस्पताल भेजा गया। वहीं हक्के धानक का उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित