भोपाल , अगस्त 19 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने स्कूटर सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय शुभम अवस्थी की मौत हो गई, जबकि उनका सात वर्षीय पुत्र माधव गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी 21 वर्षीय कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार हादसा मंगलवार रात करीब 12 बजे अंकित परिसर के पास हुआ। बताया गया है कि कार की रफ्तार करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटा थी। चालक ने ब्रेक लगाने के बजाय गलती से एक्सेलरेटर दबा दिया, जिससे कार बेकाबू हो गई। टक्कर के बाद कार का स्पीडोमीटर 90 किलोमीटर प्रति घंटा पर अटका मिला।
बेकाबू चार पहिया ने स्कूटर को टक्कर मारने से पहले सड़क पर मौजूद कई अन्य लोगों को भी चपेट में लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटर क्षतिग्रस्त हो गई और पिता-पुत्र सड़क पर दूर जा गिरे।
पुलिस के अनुसार आरोपी चालक किसी परिचित से कार मांगकर पार्टी में शामिल होने आया था। कार की तलाशी के दौरान एक खाली और एक भरी शराब की बोतल, डिस्पोजल तथा कंडोम मिले हैं। पुलिस ने चालक के नशे में होने की बात कही है। हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुल जाने से चालक बच गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की तथा कार में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया।
गंभीर रूप से घायल शुभम अवस्थी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके पुत्र माधव की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित