नरसिंहपुर , मई 15 -- मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार दो लोगों की मृत्यु हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बरमान पुलिस चौकी क्षेत्र के सागरी गांव के पास गुरुवार रात सागर की ओर से आ रही कार अचानक अनियंत्रित होकर फिल्मी शैली में पलटते हुए दूसरी लेन में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार कुलदीप डहेरिया (40) और दिनेश कुशवाहा (35) की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
दोनों मृतक छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। वे सागर जिले के देवरी क्षेत्र से अपने घर लौट रहे थे। बताया गया है कि दिनेश कुशवाहा की ससुराल देवरी में थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित