नोएडा , अगस्त 03 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर 99 टी-पॉइंट के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय बाइक सवार युवक की जान चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने सोमवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि, हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए घायल युवक को एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद अरनव को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गई।
मृतक की पहचान अरनव पुत्र पंकज, निवासी लोटस पनास, सेक्टर-110, नोएडा के रूप में हुई है। अरनव अपनी मोटरसाइकिल से किसी कार्य से जा रहे थे। जब वह सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-99 टी-पॉइंट के पास पहुंचे, तभी एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अरनव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
मामले की जांच के दौरान कार चालक की पहचान जय किशन पुत्र स्वर्गीय रतन सिंह, निवासी सेक्टर-27, नोएडा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों, वाहन की गति और अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की पूरी परिस्थितियों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित