आगरमालवा , अगस्त 10 -- मध्यप्रदेश में आगरमालवा जिले के सोयतकलां में तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश के कारण निचली बस्तियों में जलभराव होने से कई घरों में पानी भर गया। लोगों को सुरक्षित रहने के लिए अपने घरों की छतों का सहारा लेना पड़ा।
जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना एवं एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव के निर्देशन में जिला प्रशासन ने जनसुरक्षा तथा राहत एवं बचाव कार्य के लिए होमगार्ड एवं एसडीआरएफ की टीम को तत्काल सोयतकलां भेजा।
कंपनी कमांडर के नेतृत्व में एसडीआरएफ के जवान लक्ष्मण, गोविंद और मनीष तथा होमगार्ड के जवान विजेंद्र और महेंद्र आवश्यक राहत सामग्री के साथ शासकीय वाहन से मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
कंपनी कमांडर सुश्री कविता सोलंकी ने बताया कि एसडीएम श्रीमती देवकुंवर सोलंकी एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री अर्पिता राय भी सोयतकलां पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रही हैं। अभी तक कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन न करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित