बैतूल , अक्टूबर 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में तेज आवाज में डीजे बजाने और ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने एक डीजे संचालक के खिलाफ दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उसका पिकअप वाहन और डीजे उपकरण जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, छह अक्टूबर 2026 को जुलूस के दौरान शेरगढ़ निवासी आशीष पंवार पिकअप वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक साउंड बॉक्स लगाकर तेज आवाज में डीजे बजा रहा था। पुलिस की समझाइश के बावजूद आवाज कम नहीं करने पर मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसके बाद आठ अक्टूबर को उसी वाहन से फिर तेज आवाज में डीजे बजाने पर दूसरा प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने संचालक को उसके गांव से पकड़कर वाहन और उपकरण जब्त कर लिए तथा उसे न्यायालय में उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में की गई। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित