बैतूल , सितंबर 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान बिना अनुमति तेज आवाज में डीजे बजाने और लोक मार्ग बाधित करने पर गंज थाना पुलिस ने दो डीजे संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार गणेश विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने डीजे संचालकों तथा आयोजन समितियों को निर्धारित ध्वनि सीमा और समय-सीमा का पालन करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी की गई।
पुलिस के अनुसार 25 सितंबर को जेएच कॉलेज गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान कॉलेज चौक पर कुलदीप ऑडियो का डीजे वाहन क्रमांक एमपी-48-जी-1821 बिना वैध अनुमति तेज आवाज में डीजे बजाता मिला। पुलिस ने डीजे बंद करने की समझाइश दी, लेकिन संचालन जारी रहा। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 332/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 285, कोलाहल अधिनियम की धारा 7/15 तथा मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की।
इसी तरह 26 सितंबर को चुन्नीढाना के राजेन्द्र वार्ड में विराट डीजे साउंड इवेंट बैतूल द्वारा बिना अनुमति तेज आवाज में डीजे बजाने और लोक मार्ग बाधित करने पर अपराध क्रमांक 334/26 दर्ज किया गया।
पुलिस ने डीजे संचालकों और आयोजन समितियों को नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए कहा है कि ध्वनि सीमा, समय-सीमा और यातायात व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित