पटना , मई 29 -- पटना नगर निगम ने शुक्रवार कोराजधानी पटना में आई तेज आंधी एवं मूसलाधार बारिश के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाने तथा जलनिकासी का कार्य शीघ्रता से पूरा किया । शुक्रवार सुबह राजधानी पटना में आई तेज आंधी एवं मूसलाधार बारिश के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में कई पेड़ एवं उनकी बड़ी-बड़ी टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे कई स्थानों पर यातायात बाधित हो गया। पटना नगर निगम द्वारा त्वरित एवं युद्धस्तर पर कार्रवाई करते हुए सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने तथा जलनिकासी का कार्य शीघ्रता से पूरा किया गया।

नूतन राजधानी अंचल के हज भवन, पटेल गोलंबर, चितकोहरा पुल, बुद्ध मार्ग, वीरचंद पटेल मार्ग, गर्दनीबाग रोड नंबर-1, लेखाकार भवन के समीप तथा मौर्यलोक परिसर में पेड़ एवं डालियां टूटकर सड़क पर गिर गई थीं। इससे कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। पटना नगर निगम द्वारा सभी स्थलों पर एक साथ कार्रवाई की गई। लगभग एक घंटे के भीतर छोटे-बड़े पेड़ों एवं डालियों को हटाकर मार्ग को सुचारु किया गया। बड़े पेड़ों के निष्पादन हेतु वन विभाग को भी सूचना दी गई। इस अभियान में 10 मजदूरों की टीम द्वारा छह जेसीबी मशीन एवं वुड कटर की सहायता से लगातार कार्य किया गया।

पाटलिपुत्र अंचल के छज्जूबाग, बुद्ध मार्ग एवं राजवंशी नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गई थीं। निगम की टीम ने तीन जेसीबी एवं दो बॉबकैट मशीनों की सहायता से इन्हें हटाकर यातायात को सामान्य कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित