बलौदाबाजार , मई 14 -- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने एक गरीब परिवार का आशियाना उजाड़ दिया। घटना कसडोल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बैजनाथ की है, जहां तेज हवाओं और बारिश के चलते एक कच्चा मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय घर में मौजूद दो बच्चे किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कल शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं की चपेट में आने से कच्चे मकान का टीना-टप्पर उड़ गया और घर बुरी तरह टूट गया। घटना के दौरान घर में दो बच्चे मौजूद थे, जिन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत के सरपंच और पंच मौके पर पहुंचे तथा बच्चों के लिए तत्काल राशन एवं आवश्यक सहायता की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों ने बताया कि बच्चों के माता-पिता मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए हैं, जिसके कारण दोनों बच्चे गांव में अकेले रह रहे थे।

आंधी-तूफान के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और भोजन की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और आवास सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित