पटना , मई 08 -- ाजधानी पटना में शुक्रवार को आई तेज आंधी एवं भारी वर्षा के कारण शहर के विभिन्न इलाकों में व्यापक असर देखा गया। हाईकोर्ट परिसर, विकास भवन परिसर, विद्यापति मार्ग, देशरत्न मार्ग सहित कई प्रमुख स्थानों पर पेड़-पौधे, शाखाएं एवं बड़े-बड़े होर्डिंग्स टूटकर सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात बाधित हुआ और आम जनजीवन प्रभावित हुआ।

स्थिति को सामान्य बनाने के लिए पटना नगर निगम की टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं सफाई कार्य में जुटी हुई हैं। निगम कर्मियों द्वारा प्रभावित मार्गों से गिरे हुए पेड़, शाखाएं एवं होर्डिंग्स हटाकर सड़कों को शीघ्र साफ किया जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था बहाल हो सके और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कहीं पेड़ गिरने, जलजमाव, होर्डिंग्स टूटने अथवा अन्य किसी आपात स्थिति की जानकारी हो, तो वे निगम के टोल फ्री नंबर 155304 एवं मोबाइल नंबर 9264291339 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

निगम प्रशासन ने कहा है कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित