पटना , जुलाई 01 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का अतीत 'जंगलराज' और भ्रष्टाचार के काले कारनामों से कलंकित रहा है और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी अंधकारमय भविष्य की ओर बढ़ रही है।
श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि साल 1990 से 2005 के बीच का कालखंड आज भी बिहार की जनता के जेहन में एक खौफनाक दौर के रूप दर्ज है।उन्होंने कहा कि उस दौर में लोग शाम होने के बाद घरों से नहीं निकलते थे और महिलाओं सुरक्षा की हालत बहुत दयनीय थी।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लालू परिवार ने हमेशा समाजवाद के झूठे मुखौटे की आड में बिहार की जनता को छला है और निजी स्वार्थ के लिए पूरे सूबे को अराजकता की अंतहीन खाई में धकेल दिया। उन्होंने कहा कि राजद का वह पंद्रह वर्ष का कुशासन अपहरण उद्योग, सत्ता-संरक्षित अपराधों, जातीय नरसंहारों, महिलाओं की असुरक्षा, चैपट व्यवस्था, चारा घोटाले तथा कई संस्थागत भ्रष्टाचार की एक काली गाथा है। उन्होंने कहा कि लालू-राबड़ी की सरकार ने अपनी जनविरोधी नीतियों से गौरवशाली बिहार के माथे पर 'बीमारू राज्य' का कलंकित तमगा मढ़ा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित