पटना , सितंबर 20 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने बिहार में बाढ़ और सुखाड़ की स्थिति को गंभीर बताते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने तथा किसानों की फसलों के नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है।
श्री यादव ने आज संवाददाताओं से कहा कि बिहार पिछले 28 दिनों से बाढ़ की स्थिति का सामना कर रहा है, जबकि राज्य के कई हिस्सों में कम बारिश के कारण सुखाड़ की स्थिति भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है और सूखे के कारण लाखों हेक्टेयर में खड़ी फसलें प्रभावित हो रही हैं। सरकार को सुखाड़ से हुए नुकसान का भी शीघ्र आकलन कर किसानों को राहत देनी चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बाढ़ से करीब 50 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। कई लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और घरेलू उपयोग की वस्तुएं पानी में बह गई हैं। उन्होंने दावा किया कि कई स्थानों पर राहत शिविर और सामुदायिक रसोई पर्याप्त अवधि तक संचालित नहीं हो पाई। उन्होंने सरकार से बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री, भोजन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित