पटना , सितंबर 06 -- ारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में भी राजनीति करना तेजस्वी यादव की पुरानी आदत है। श्री सरावगी ने कहा कि तेजस्वी यादव आज बाढ़ प्रभावित लोगों की चिंता का दिखावा कर रहे हैं, लेकिन उन्हें यह बताना चाहिए कि उनके परिवार के 15 वर्षों के शासनकाल में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्या किया गया। बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए क्या स्थायी आपदा प्रबंधन तंत्र विकसित किया गया। तेजस्वी यादव को इन सवालों से भागने के बजाय बिहार की जनता को जवाब देना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार और केंद्र सरकार की एजेंसियां पूरी मुस्तैदी से बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद में जुटी हैं। प्रशासन, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और जरूरत के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसे समय में सरकार के प्रयासों को बदनाम करने के बजाय तेजस्वी यादव को राहत कार्यों में सहयोग करना चाहिए।
श्री सरावगी ने कहा कि तेजस्वी यादव को शायद जानकारी नहीं है कि आपदा प्रबंधन कोई राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि समन्वित प्रशासनिक व्यवस्था का विषय है। जरूरत के अनुसार केंद्र और राज्य की एजेंसियां मिलकर हरसंभव संसाधन उपलब्ध करा रही हैं। केवल कैमरे के सामने बयान देने से बाढ़ पीड़ितों की मदद नहीं होती।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित