राजनीति प्रेमरंजन तेजस्वी पटना , अप्रैल 13 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व पूर्व विधायक प्रेमरंजन पटेल ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद)के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव के बिहार की आर्थिक बदहाली पर दिए गए बयान पर सोमवार को तंज कसते हुए कहा कि श्री यादव की शिक्षा अधूरी है और उनको आर्थिक मामलों का ज्ञान बहुत कम है।
श्री पटेल ने कहा कि राजद नेता श्री यादव के प्रदेश के आर्थिक मामलों पर गैर-जिम्मेदाराना बयान इस बात को प्रदर्शित करते हैं कि उन्हें आर्थिक मामलों की समझ बहुत कम है और उन्हें बिहार का विकास दिखाई नही दे रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार जैसे बड़े राज्य के बजट, वित्तीय अनुशासन और विकास योजनाओं पर टिप्पणी करने से पहले उन्हें बुनियादी ज्ञान अर्जित करना चाहिए।
भाजपा के प्रवक्ता ने कहा कि बिहार का बजट लालू - राबड़ी शासनकाल के दौरान लगभग 13 हजार करोड़ रुपये के आसपास सिमटा हुआ था, जो बढ़कर अब साढ़े तीन लाख करोड़ तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव अपने आप में बिहार के आर्थिक पुनर्जागरण और तेज विकास का प्रमाण है।
श्री पटेल ने कहा कि यह उपलब्धि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल वित्तीय प्रबंधन, पारदर्शिता और दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार से मिले अभूतपूर्व सहयोग, योजनाओं और वित्तीय सहायता ने राज्य के विकास को नई गति दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित