पटना , जुलाई 27 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तथा बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बांकीपुर उपचुनाव में पार्टी की प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में रोड शो के दौरान छात्रों के उपर हुए पुलिस दमन के मामले में प्रदेश की सरकार को घेरा और कहा कि इस कार्रवाई के उपर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने मीठापुर से रोड शो की शुरुआत की और इसके बाद बांकीपुर विधान सभा के इलाकों में उनका कारवां आगे बढ़ता रहा। इस रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे।

श्री यादव ने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य सरकार पर हमला करते हुए और छात्र आंदोलन के दौरान हुई कार्रवाई को लेकर कई सवाल उठाए। इन्होंने दावा किया कि बांकीपुर में इस बार चुनावी माहौल राजद के पक्ष में है और जनता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)को हराने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि इस बार बांकीपुर से लालटेन जलेगा।

नेता प्रतिपक्ष ने छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार पहले किसानों को ठग रही थी और अब छात्रों के साथ भी अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि सोमवार शाम तक गिरफ्तार छात्रों को रिहा नहीं किया गया और उन पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो बिहार में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

श्री यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी भी जन आंदोलन में आज तक एके-47 का इस्तेमाल नहीं हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि एके-47 से फायरिंग की घटना के बाद केवल जवान को निलंबित कर दिखावटी कार्रवाई की गई, जबकि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि फायरिंग किसके आदेश पर हुई और इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित