पटना , जनवरी 25 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि तेजस्वी का कार्यकारी अध्यक्ष बनना राजद के राजनीतिक ताबूत में अंतिम कील साबित होगा। श्री सरावगी ने आज बयान जारी कर कहा कि तेजस्वी यादव के अब तक के जीवन को देखा जाए, तो उनकी समूची उपलब्धियां भ्रष्टाचार से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि श्री यादव पढ़ाई और राजनीति दोने में असफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि असफलता की पराकाष्ठा पर पहुंच चुके तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी देना परिवार की मजबूरी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजद में अब्दुल बारी सिद्दीकी, जगदानन्द सिंह, उदय नारायण चौधरी जैसे वरिष्ठ और दिग्गज नेता हैं, लेकिन तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर राजद ने साबित कर दिया कि पार्टी में परिवारवाद की जड़ें काफी गहरी हैं।
श्री सरावगी ने कहा कि तेजस्वी यादव का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाना उस पार्टी का आंतरिक मामला है, लेकिन जिस तरह इस निर्णय पर विरोध के बिगुल अपने परिवार में बजे हैं, वह राजद के भविष्य के लिए सुखद संकेत नहीं है। उन्होंने कहा कि राजद वास्तव में अब समाप्ति की और बढ़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित