यमुनानगर , अक्टूबर 07 -- तेजली खेल परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को सेवा ज्योति यात्रा- विकसित भारत सभा के अंतर्गत हरियाणा में यमुनानगर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
मुख्य अतिथि ने सेवा ज्योति दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल रूपसे संबोधन दिया और भाजपा सरकार की नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी दी। उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप सेवंदे मातरम् गाया।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने देश को विकास की ऊंची बुलंदियों पर पहुंचाया है, जो 140 करोड़ देशवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा, तभी हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और लोगों को राष्ट्र निर्माण व सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है। यह अभियान समाज में सेवा, सहयोग और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सेवा ज्योति यात्रा सामाजिक एकजुटता, सेवा भाव, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देती है।
मंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी आवश्यक है। युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ें।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत देश व प्रदेश में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत, पेंटिंग प्रतियोगिता, प्रबुद्ध सम्मेलन, हेल्थ चेकअप, मैराथन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम समापन के बाद सेवा ज्योति यात्रा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में जिले के विभिन्न स्थानों से होते हुए सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुई। कार्यक्रम राष्ट्रीय गान के साथ संपन्न हुआ।
सेवा ज्योति कलश यात्रा का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा की अगुवाई में किया गया। उन्होंने कहा कि हजारोंलोगों की उपस्थिति से स्पष्ट है कि जनता भाजपा की नीतियों और योजनाओं के प्रति आश्वस्त है।
कार्यक्रम का संचालन डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार ने किया।
इस अवसर पर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल, पूर्व विधायक एवं सफाई आयोग के चेयरमैन ईश्वर सिंह पलाका, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, जिला परिषद चेयरमैन रमेश चंद ठसका, घुमंतू जाति आयोग के चेयरमैन ओमपाल, पूर्व मेयर मदन चौहान, भाजपा के वरिष्ठ नेता राम निवास गर्ग, रोजी मलिक आनंद, नेपाल सिंह राणा, महामंत्री नरेंद्र राणा, मार्केट कमेटी छछरौली के चेयरमैन कैलाश चंद शर्मा, सीईओ जिला परिषद ब्रह्म प्रकाश, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह, मंडलाध्यक्ष आदेश राणा, नगरपालिका साढौरा की चेयरपर्सन शालिनी शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित