सिवनी , मई 18 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में दक्षिण सिवनी वनमंडल अंतर्गत कुरई रेंज की बबाई बीट में तेंदूपत्ता संग्रह करने गए एक ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार सोमवार सुबह लगभग आठ बजे सुनील पिता दुर्गाप्रसाद निवाडे (35) जंगल में तेंदूपत्ता संग्रह करने गया था। इसी दौरान अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया। घटना के समय आसपास अन्य तेंदूपत्ता संग्राहक भी मौजूद थे, जिन्होंने शोर मचाकर भालू को भगाया और घायल ग्रामीण को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और घायल को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर कर दिया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घायल के शरीर पर गहरे घाव आए हैं। वन मंडल अधिकारी गौरव मिश्र ने ग्रामीणों और तेंदूपत्ता संग्राहकों से जंगल में सावधानी बरतने तथा समूह में जाने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित