भरतपुर , अप्रैल 19 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर में चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में रविवार को अपनी मां और दादी के साथ खेत पर एक बालक को एक तेंदुए ने हमला करके घायल कर दिया। घायल बालक को चौथ का बरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद अस्पताल में पीड़ित से घटना की जानकारी लेने के बाद विभाग का दल मौके पर भेजा गया है। पगचिन्हों के आधार पर तेंदुए की तलाश की जा रही है।
चिकित्सा सूत्रों ने बच्चे की हालात को खतरे से बाहर बताया है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार रामसिंहपुरा गांव में खेत पर बच्चे को अकेला देखकर तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख सुनकर मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने शोर मचा कर तेंदुए को भगाया। सौभाग्य से बालक के ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित