भरतपुर , जुलाई 17 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर जिले के फलोदी टोडरा क्षेत्र में करीब एक महीने से आम लोगों के लिये भय का कारण बने दोनों तेंदुओं को रणथंभौर बाघ अभयारण्य के दल ने गुरुवार देर रात पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
वन विभाग के सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार आबादी के आसपास मंडरा रहे इन तेंदुओं की गतिविधियों के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल था। लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया था।
लोग दिन ढलते ही घरों से निकलने से बच रहे थे। ग्रामीणों ने प्रदर्शन करके वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की थी। दोनों तेंदुओं के पकड़े जाने के बाद फलोदी टोडरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
वन विभाग ने लोगों से कहीं वन्यजीव दिखाई देने पर खुद कोई जोखिम न उठाने और तुरंत वन विभाग को सूचना देने का आग्रह किया है, ताकि समय रहते सुरक्षित कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित