उदयपुर , फरवरी 28 -- राजस्थान में उदयपुर शहर के समीप उपली बड़ी गांव में एक फार्म हाउस में तेंदुए के हमले से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है।
बड़ी पंचायत के निवर्तमान सरपंच एवं प्रशासक मदन पंडित ने शनिवार को बताया कि तेंदुए के हमले में उपली बड़ी निवासी बबलू गमेती की मौत हुई है। बबलू गमेती बड़ी के कृष्णा हॉर्स फार्महाउस पर चौकीदार था। शुक्रवार रात को वह फार्महाउस के अंदर खुले परिसर में सो रहा था। तभी तेंदुए ने उस पर हमला किया। तेंदुआ उसे घसीटता हुआ करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में ले गया और वहां उसका एक पैर खा गया। यह घटना रात एक बजे के बाद की हो सकती है। क्षेत्र में पिछले काफी समय से तेंदुए गतिविधियां देखीं जा रही थी। पुलिस ने शव एम बी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
उपवन संरक्षक अजय चित्तौड़ा ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या यह तेंदुए द्वारा शिकार करना लग रहा है, युवक की गर्दन पर दांतों के निशान है, हालांकि पूरी स्थिति पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगी। यह सज्जनगढ़ अभयारण्य के पीछे दो किलोमीटर दूर की घटना है, संभवत वहां से कोई तेंदुआ इस तरफ आ गया होगा। उन्होंने बताया कि सभी संभावित स्थानों पर पिंजरा लगाया है। वनकर्मियों का दल लगातार उक्त तेंदुए की तलाश कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित