भरतपुर , मार्च 19 -- राजस्थान में भरतपुर के रूपवास थाना क्षेत्र में गुरुवार को सुबह परिवार के साथ खेत में गेंहू की फसल काट रही एक महिला पर तेंदुए ने हमला करके उसे गम्भीर रूप से घायल कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के दौरान खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। घायल महिला को रूपवास के अस्पताल में भर्ती किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि तेजनगर गांव में चंद्रवती (50) के साथ घटी इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया है। मामले को लेकर वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद विभाग के दल ने ड्रोन के जरिए तेंदुए की खेतों में तलाश की, लेकिन तेंदुआ नजर नहीं आया।अभी यह पूरी तरह से पता नहीं लग पाया है कि हमला तेंदुए ने किया है या किसी और जंगली जानवर ने।

महिला के परिजनों ने बताया कि बेटे श्रीकांत के साथ गेहूं काट रही चन्द्रवती की गर्दन को तेंदुए ने अपने जबड़ों में दबोच लिया और घसीटने की कोशिश की, लेकिन बेटे एवं ग्रामीणों के शोर मचाने से उसकी जान बच गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित