भीलवा़ड़ा , जुलाई 17 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के आसींद उपखंड के दौलतगढ़ गांव में गुरुवार देर रात तेंदुए द्वारा एक बछड़े का शिकार करने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना उदयनाथ रोड स्थित गिरवर सिंह के मकान के पास बने नोहरे की है, जहां एक तेंदुए ने मौका पाकर बछड़े को अपना निवाला बना लिया। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ गुरुवार देर रात बछड़े को नोहरे से घसीटते हुए करीब 40 फुट दूर ले गया और उसे अपना शिकार बनाया। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गये और नाराजगी जाहिर की।
दौलतगढ़ क्षेत्र में तेंदुए का आतंक कोई नयी बात नहीं है। यहां लंबे समय से ग्रामीणों को इस खतरे का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि क्षेत्र में ग्रेनाइट के मलबे और चारागाह भूमि पर पड़े पत्थर के कचरे के ढेर तेंदुए के लिए छिपने के सुरक्षित ठिकाने बन गये हैं, जिसके कारण रिहायशी इलाकों में उनकी आवाजाही बढ़ गयी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने कई बार वन विभाग को सूचित किया और गश्त बढ़ाने की मांग की, लेकिन विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित