अलवर , अगस्त 01 -- राजस्थान में अलवर जिले के प्रतापगढ़ तहसील के हमीरपुर गांव में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।

शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों में तेंदुए ने कई मवेशियों का शिकार किया है, जिससे लोग रातभर जागकर अपने पशुओं की रखवाली कर रहे हैं। हमीरपुर की खेरूका की ढाणी में रामप्रताप मानका के घर के पीछे बने बाड़े में एक तेंदुआ घुस गया और वहां बंधी पांच बकरियों पर हमला कर दिया।

रामप्रताप ने बताया कि उनकी पत्नी दूध निकालने बाड़े में पहुंचीं तो तीन बकरियां मृत मिलीं। तलाश करने पर दो अन्य बकरियों के शव बाड़े के पीछे कुछ दूरी पर आधे खाये हुए मिले। घटना की सूचना मिलने पर प्रतापगढ़ वन नाका प्रभारी देशराज मीणा अपने दल के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पगमार्क लिए, जिनकी पुष्टि तेंदुए के होने के रूप में हुई। इसके बाद पशु चिकित्सक को बुलाकर मृत बकरियों का पोस्टमार्टम कराया गया और आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 28 जुलाई को हमीरपुर की नाथों की ढाणी में चार बकरियों का शिकार हुआ था। इसके अगले दिन एक बकरी का भी तेंदुए ने शिकार किया। इन लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीणों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने, प्रभावित पशुपालकों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने और गांव में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित