बैतूल , जून 28 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई वन परिक्षेत्र के ग्राम मंडली के जंगल में खुले कुएं में गिरे एक नर तेंदुए को वन विभाग ने लगभग 30 घंटे तक चले विशेष रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अधिकारियों के अनुसार बिना बेहोश किए विशेष पिंजरे और तकनीकी उपकरणों की सहायता से तेंदुए का सफलतापूर्वक बचाव किया गया।

वन विभाग के अनुसार लगभग चार वर्षीय तेंदुआ शुक्रवार शाम जंगल क्षेत्र के एक खुले कुएं में गिर गया था। सूचना मिलने पर मुलताई वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कुएं के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर निगरानी शुरू की। अभियान में सहयोग के लिए नर्मदापुरम से विशेष रेस्क्यू टीम भी बुलाई गई।

उप वन मंडल अधिकारी संजय साल्वे ने बताया कि कुएं में पर्याप्त पानी होने के कारण तेंदुए को बेहोश नहीं किया गया, क्योंकि ऐसी स्थिति में उसके डूबने का खतरा था। इसलिए पूरी कार्रवाई विशेष सावधानी और तकनीकी योजना के साथ की गई।

वन विभाग ने विशेष रूप से तैयार रेस्क्यू पिंजरे को कुएं में उतारा। लंबे इंतजार के बाद तेंदुआ पिंजरे में प्रवेश कर गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शनिवार रात लगभग 10 बजे रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

यह अभियान मुख्य वन संरक्षक समधी विराज तथा दक्षिण बैतूल वन मंडलाधिकारी अरिहंत कोचर के निर्देशन में संचालित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि तेंदुआ पूरी तरह सुरक्षित है। स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक चिकित्सकीय जांच के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा।

रेस्क्यू अभियान में मुलताई वन विभाग और नर्मदापुरम से आई विशेष रेस्क्यू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय ग्रामीणों ने भी तेंदुए के सुरक्षित बचाव पर वन विभाग की तत्परता की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित