जालंधर , अगस्त 08 -- तेतालिसवें सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट-2026 की तैयारियों को लेकर सुरजीत हॉकी सोसायटी के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को इंडियन ऑयल के कार्यकारी निदेशक एवं पंजाब स्टेट हेड आशुतोष गुप्ता से मुलाकात की। इस दौरान टूर्नामेंट की तैयारियों और आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी।

सोसायटी की ओर से महासचिव सुरिंदर सिंह भापा, सीईओ इकबाल सिंह संधू, मानद सचिव रणबीर सिंह टूट और भारतीय पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी ओपिंदर सिंह घुम्मन ने संयुक्त रूप से इंडियन ऑयल को इस वर्ष के तेंतालिसवें सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट का मुख्य प्रायोजक बनने के लिए प्रायोजन पत्र सौंपा।

श्री आशुतोष गुप्ता ने सुरजीत हॉकी सोसायटी और इंडियन ऑयल के बीच पिछले 37 वर्षों से चले आ रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थाएं लगातार हॉकी के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में योगदान दे रही हैं। सोसायटी ने भी हॉकी के प्रति लंबे समय से सहयोग देने के लिए इंडियन ऑयल का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सुरजीत हॉकी सोसायटी ने 100 हॉकी खिलाड़ियों को खेल किट उपलब्ध करवाने तथा सुरजीत हॉकी स्टेडियम में नया बड़ा एलईडी स्कोरबोर्ड स्थापित करने की मांग रखी। श्री आशुतोष गुप्ता ने इन दोनों कार्यों के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

सोसायटी पदाधिकारियों ने उम्मीद जतायी कि इंडियन ऑयल के साथ पिछले 37 वर्षों से जारी यह मजबूत साझेदारी भविष्य में भी जारी रहेगी और तेंतालिसवें सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट को और भव्य एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित