मिदनापुर , अक्टूबर 30 -- पश्चिम बंगाल में वन विभाग में स्थायी सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के एक नेता को गुरुवार रात गिरफ्तार किया।

तृणमूल नेता अजीत महतो को झारग्राम पुलिस ने उनके घर से गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई झारग्राम के बाचुरडोबा निवासी सजल दास की शिकायत पर की गयी है।

शिकायत के अनुसार, महतो ने दास को भरोसा दिलाया था कि वह अपनी राजनीतिक पहुंच और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपने संपर्कों का इस्तेमाल करके वन विभाग में उसे स्थायी नौकरी दिला सकते हैं। इस भरोसे पर, दास ने कथित रूप से दिसंबर 2024 से मार्च 2026 के बीच उन्हें चार किस्तों में 10 लाख रुपये दिये। रूपये देने के बावजूद दास को वादा की गई नौकरी नहीं मिली। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने बाद में अपने पैसे वापस मांगे तो महतो ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब दास ने पहले दी गई 10 लाख रुपये वापस मांगी तो महतो ने उससे दो लाख रुपये और देने की मांग की। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि महतो ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर कई बेरोजगार युवाओं से पैसे ऐंठने के लिए यही तरीका अपनाया था।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कल देर रात तृणमूल नेता को उनके घर से गिरफ्तार किया। जांचकर्ता अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इस कथित नौकरी रैकेट में अन्य लोग भी शामिल हैं और क्या इसी तरह और भी बेरोजगार युवाओं को ठगा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित