कोलकाता , जुलाई 30 -- पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली "कालीघाट" तृणमूल कांग्रेस तथा "असली" तृणमूल कांग्रेस के रूप में मान्यता प्राप्त ऋतव्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट के बीच एक नया टकराव बढ़ता दिख रहा है और इस बार विवाद 28 अगस्त को तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद के स्थापना दिवस मनाने को लेकर है।
सूत्रों के अनुसार ऋतव्रत बनर्जी खेमे ने तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मांगने के लिए कोलकाता पुलिस से संपर्क किया है।
बताया जाता है कि कुछ दिनों पहले जमा किये गये आवेदन में किसी एक स्थान के बजाय कई वैकल्पिक स्थानों का प्रस्ताव दिया गया है और अंतिम चयन पुलिस की मंजूरी पर छोड़ दिया गया है।
यह घटनाक्रम तृणमूल के दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच 21 जुलाई को अलग-अलग शहीद दिवस कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर हुये टकराव के कुछ ही दिनों बाद आया है, जो विभाजन के बाद पार्टी के भीतर बढ़ती राजनीतिक खाई को रेखांकित करता है।
पिछले साल तक, सुश्री ममता बनर्जी ने गांधी मूर्ति के पास मेयो रोड पर टीएमसीपी स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित किया था।
राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव और पार्टी में टूट के बावजूद, कालीघाट गुट इस साल का कार्यक्रम उसी स्थान पर आयोजित करने का इच्छुक माना जा रहा है।
सूत्रों ने कहा कि ऋतव्रत खेमे ने दो से तीन वैकल्पिक स्थानों के लिए अनुमति मांगी है। उसने सार्वजनिक रूप से प्रस्तावित स्थलों का खुलासा नहीं किया है। इस गुट के नेताओं ने कहा कि वे किसी खास स्थान के लिए जिद नहीं कर रहे हैं और पुलिस की अनुमति के अनुसार ही कार्यक्रम आयोजित करेंगे।ऋतव्रत गुट के एक नेता ने कहा, "हम स्थान को लेकर अड़े नहीं हैं। हम कानून का पालन करेंगे और जहां भी अनुमति मिलेगी, वहीं कार्यक्रम आयोजित करेंगे। कार्यक्रम निश्चित रूप से होगा। कार्यक्रम की तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी हैं।"सूत्रों ने बताया कि श्री ऋतव्रत बनर्जी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कई जिलों के छात्र नेताओं के साथ बैठकें की हैं। जिला स्तर के पदाधिकारी भी संगठनात्मक चर्चा के लिए कोलकाता आ रहे हैं।
उत्तर बंगाल के समर्थकों को लामबंद करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उस क्षेत्र के नेताओं के साथ अलग से बैठकें की जा रही हैं।
ऋतव्रत खेमे से जुड़े छात्र इकाई (छात्र विंग) के अध्यक्ष सुदीप राहा के बारे में कहा जा रहा है कि वे व्यक्तिगत रूप से तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, कालीघाट तृणमूल नेता और पार्टी के वकील बैश्वानर चट्टोपाध्याय ने ममता बनर्जी की जनता में लोकप्रियता पर विश्वास जताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित