दमदम , अप्रैल 24 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि तृणमूल का दीया बुझने वाला है और बुझता हुआ दीया फड़फड़ाता है। इसलिए तृणमूल के नेता फड़फड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चार मई को भाजपा सरकार बनने के बाद हर अन्याय, हर अत्याचार की फाइल खुलेगी। ये मोदी की गारंटी है।
श्री मोदी ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कि लंबे समय से बंगाल में परिवर्तन की जो लहर दिख रही थी। कल पहले चरण के मतदान ने उसपर मुहर लगा दी है। कल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में जो समर्थन दिखा है, उसने भाजपा की विजय का शंखनाद कर दिया है। जिस बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने लोकतंत्र के मंदिर को कुचल दिया था। अपनी तानाशाही से लोकतंत्र के मंदिर को खंडित कर दिया था। उस बंगाल में पहले चरण में जनता ने लोकतंत्र के मंदिर का पुनर्निर्माण कर दिया है।
उन्होंने कहा कि अब दूसरे चरण में आपको इस लोकतंत्र के मंदिर पर विजय ध्वज फैलाना है। इस वजह से अब तृणमूल बहुत बुरी तरह बौखला गई है। कल रात भर तृणमूल अपने गुंडों को ताकत दे रही थी कि मैदान में आओ।
प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं बंगाल की जनता से कहूंगा, भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं से कहूंगा कि मत भूलिए, ये क्रांति की धरती है, ये वीरों की धरती है। ये मत भूलना कि हर बुझता हुआ दीपक थोड़ा फड़फड़ाता है, वैसे ही तृणमूल का दीया भी बुझने से पहले थोड़ा फड़फड़ा रहा है।" उन्होंने कहा कि चार मई को नतीजे आने के बाद तृणमूल के गुंडों को बंगाल में छुपने की जगह नहीं मिलेगी, उन्हें कोई बचाने वाला नहीं मिलेगा। कल पहले चरण के मतदान ने तृणमूल के महाजंगलराज के अंत का उद्घोष कर दिया है।
श्री मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए रैली में आए लोगों से आजादी के नारे लगवाए और कहा कि बंगाल का गौरव फिर से लौटाने के लिए, बंगाल को फिर से अवसरों की भूमि बनाने के लिए ये आजादी बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा आजादी तृणमूल के भय से, आजादी तृणमूल के भ्रष्टाचार से, आजादी तृणमूल के सिंडिकेट से, आजादी बेटियों पर अत्याचार से, आजादी पलायन की मजबूरी से, आजादी बेरोजगारी और बेकारी से, आजादी घुसपैठियों के कब्जे से।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गुलामी की बेड़ियां तोड़ने के लिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने राष्ट्र का आह्वान किया था - तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। उन्होंने कहा, " ये बंगाल में नयी क्रांति की बेला है। ये क्रांति आपके एक वोट से होगी। इसलिए मैं बंगाल की जनता से करबद्ध प्रार्थना करता हूं कि आप हमें वोट रूपी आशीर्वाद दीजिए, हम मिलकर बंगाल को अनेक कष्टों से आजादी दिलाएंगे। मैं आज बंगाल की हर बेटी को ये भरोसा दिलाने आया हूं कि भाजपा, बेटियों के सपने नहीं कुचलने देगी।" उन्होंने कहा कि चार मई को भाजपा सरकार बनने के बाद हर अन्याय, हर अत्याचार की फाइल खुलेगी। ये मोदी की गारंटी है। आपका घर का सपना भी पूरा होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.5 लाख रुपये तक की मदद मिलेगी और जो घर बनेगा वो महिलाओं के नाम पर ही होगा। भाजपा बंगाल की हर बहन-बेटी के सपनों को पूरा करने और उनका जीवन आसान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बंगाल की बहनों से भाजपा का सीधा वादा है कि भाजपा आपको सुरक्षा देगी, भाजपा आपको सम्मान देगी और भाजपा से ही आपको समृद्धि मिलने वाली है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में यहां की हर महिला के जीवन में खुशहाली आएगी, गरीब बहनों को मुफ्त राशन मिलेगा। कोई सिंडिकेट आपका हक नहीं छीन पाएगा। बंगाल में भाजपा सरकार बनेगी, तो उसके लिए यहां के मध्यम वर्ग का हित भी सर्वोपरि होगा।उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग का जीवन आसान बने, इसके लिए बीते 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने अनेक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा, "2014 से पहले जब दिल्ली में तृणमूल के समर्थन वाली सरकार चलती थी, वो सरकार तब दो लाख से अधिक की सालाना आय और टैक्स लगाती थी। हमने मध्यम वर्ग को टैक्स में भारी छूट दी, आज 12 लाख रुपये तक की आय पर कर जीरो है।" उन्होंने कहा कि 2014 तक कांग्रेस की सरकारों के समय हर चीज पर बहुत ज्यादा कर लगता था, लेकिन भाजपा सरकार ने मध्यम वर्ग की जरूरत के अधिकतर सामान पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) या तो कम कर दिया है, या जीरो कर दिया है।
श्री मोदी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी देश के पहले उद्योग मंत्री भी थे, अगर उनके विजन को आगे बढ़ाया होता, तो देश आज और ऊंचाइयों पर होता। डॉ. मुखर्जी का विजन, उनकी नीतियां आज भी बंगाल के औद्योगिक विकास को नई ऊर्जा दे सकती हैं। भाजपा वो राजनीतिक दल है, जिसकी बुनियाद में बंगाल के विचार हैं, बंगाल का प्रवाह है। उन्होंने कहा, "हमें गर्व है, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर, जिनकी प्रेरणा से जनसंघ के जन्म हुआ और फिर समय के साथ भाजपा की स्थापना हुई। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संकल्प था कि देश का संविधान पूरे देश में लगना चाहिए और उन्होंने नारा देकर लड़ाई लड़ी थी। वो कहते थे कि देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेंगे। उनके आशीर्वाद से हमने जम्मू कश्मीर से धारा 370 को हटाया और वहां देश का संविधान लागू किया।"प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी देश के दूसरे हिस्सों से लोग रोजगार के लिए कोलकाता आते थे, लेकिन आज युवाओं का पलायन यहां की सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। एक समय कोलकाता से बड़ा देश में खेल केंद्र कहीं नहीं था, लेकिन आज बंगाल के युवा खिलाड़ी भी अच्छे अवसरों के लिए यहां से जा रहे हैं। आखिर क्यों? इसका जवाब आपको कुछ समय पहले भी मिला है। जब कोलकाता के ग्राउंड से शर्मनाक तस्वीरें आई। उन्होंने कहा, "ये तृणमूल के नेता, विधायक और मंत्री ही खेला खेल रहे हैं। लेकिन, हम यहां देखते हैं कि कैसे तृणमूल ने अपने 15 साल में बंगाल के औद्योगिक विकास को चौपट करके रख दिया है।"प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणमूल के खोखले वादों और सिंडिकेट राज ने कोलकाता सहित बंगाल के सभी शहरों को, उद्योगों को, सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि यही तृणमूल सरकार है, जिसने बंगाल में दो हजार बड़े उद्योग लाने का वादा किया था, लेकिन आज दमदम जैसे पुराने औद्योगिक शहरों की स्थिति और खराब हुई है, यहां फैक्ट्रियों में ताले लग रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित