कोलकाता , जून 25 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि उसने कोलकाता-सिटी ऑफ जॉय को सिटी ऑफ डेथ में तब्दील कर दिया।

श्री अधिकारी ने विधानसभा में पिछली सरकार पर इमारत योजना की मंजूरी प्रक्रिया में भ्रष्टाचार को मंजूरी देने का आरोप लगाते हुए इस हादसे के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने दावा किया कि तारातला में निर्माणाधीन गोदाम के गिरने से जिन नौ लोगों की मौत हुई, उसे कोलकाता नगर निगम से पैसे लेकर मंजूरी दी गयी थी।

उन्होंने कहा, " तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने पैसे लेकर 'सिटी ऑफ जॉय' कोलकाता को 'सिटी ऑफ डेथ' में तब्दील कर दिया। यह आपके पापों का परिणाम है। आपने बार-बार होने वाले हादसों से कुछ नहीं सीखा। यहां पूर्व मेयर के दस्तखत हैं। किसी को बख्शा नहीं जायेगा।" उन्होंने कहा कि कोलकाता नगर निगम ने 17 जनवरी को तारातला गोदाम योजना को मंजूरी दी थी और इस पर कोलकाता के तत्कालीन मेयर फिरहाद हकीम के साथ-साथ संबंधित अभियंताओं के भी दस्तखत थे।

उन्होंने चेतावनी दी कि जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कोलकाता नगर निगम के अंदर इमारत योजना की मंजूरी में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि 'काली' नाम के एक व्यक्ति ने कई निर्माण परियोजनाओं को मंजूरी दिलाने में अहम भूमिका निभायी। उन्होंने कहा, "हमें पता है कि कोलकाता नगर निगम में क्या हुआ है। अगर काली पकड़ा गया, तो सारी जानकारी मिल जायेगी। काली के बिना कोई योजना मंजूरी नहीं होती। काली बाईपास के पास तृणमूल भवन बना रहा है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और कार्रवाई की जा रही है।"मुख्यमंत्री ने हालांकि काली के बारे में कोई विवरण नहीं दिया। उन्होंने तारातला घटना के बाद बचाव अभियान में शामिल सभी एजेंसियों-सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), कोलकाता पुलिस, नागरिक रक्षा और दूसरी बचाव टीमों को उनकी मदद के लिए धन्यवाद दिया।

श्री अधिकारी ने विधानसभा में घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये और प्रत्येक घायल व्यक्ति के लिए 1 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब तक नौ लोगों की मौत हो गई और 29 लोगों को बचा लिया गया है जबकि 20 का इलाज चल रहा है। उनमें से 15 की हालत स्थिर बताई गई है, चार की हालत गंभीर है और एक व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित