कोलकाता , जुलाई 21 -- तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि पार्टी छोड़ने वाले नेताओं की घर वापसी नहीं की जायेगी।
सुश्री बनर्जी ने पार्टी की शहीद दिवस रैली में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का नाम लिए बगैर उन पर जोरदार हमले किये और आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार कानून-व्यवस्था बनाये रखने की बजाय तृणमूल कांग्रेस को कमजोर करने में अधिक दिलचस्पी लेती है। उन्होंने कहा, "मुझे पता है कि उन्होंने तृणमूल कांग्रेस में अपने लगभग दस साल के कार्यकाल के दौरान क्या किया था। मुझे उकसाएं नहीं।"गौरतलब है कि उनकी ये बातें विधानसभा चुनाव के नतीजों के लगभग दो महीने बाद की गयी टिप्पणियों जैसी ही थीं, जब उन्होंने श्री अधिकारी को तृणमूल कांग्रेस विधायक, मंत्री और कई जिलों में संगठनात्मक नेता के तौर पर उनके लंबे कार्यकाल की याद दिलायी थी और कहा था कि पार्टी में रहते हुए उन्होंने जो कुछ भी किया था, उसकी उन्हें जानकारी है। सुश्री बनर्जी ने अपने भाषण की शुरुआत से ही दल बदलने वालों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाये रखा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने श्री ऋतब्रत बनर्जी के गुट का बगैर नाम लिए इसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 'बी-टीम' बताते हुए आरोप लगाया कि अलग हुआ गुट एक अलग राजनीतिक मंच बनाने की आड़ में परोक्ष रूप से भाजपा की मदद कर रहा है। सुश्री बनर्जी ने कहा, "यह पार्टी के लिए अच्छा रहा है। चोर चले गये हैं। मुझे माफ करें। उन्हें वापस नहीं लिया जायेगा।" उन्होंने उनसे आग्रह किया कि वे भाजपा का 'साइड पिलो' (सहयोगी) बनने की बजाय सीधे भाजपा में शामिल हो जायें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित